जीजा से ऐसी नफरत कि तारपीन का तेल डालकर जला दी लाश, गुरुग्राम में वारदात, हत्या की वजह क्या?

एक युवक अपने जीजा से इस कदर नफरत कर बैठा कि उसने उसकी हत्या ही कर दी। यही नहीं जीजा की लाश को जलाने के लिए उसने तारपीन के तेल का इस्तेमाल किया। गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-15 इलाके में अपने जीजा की हत्या करने और उसकी डेड बॉडी को जलाने वाले इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के मूल निवासी राजेश (21) के रूप में की है। उसे रविवार रात को गिरफ्तार किया गया। सिविल लाइंस थाने के एसएचओ अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी ने कबूल किया है कि उसका जीजा गोरेलाल (32) उसकी बहन को परेशान करता था। यही नहीं बहन की बीमारी के इलाज के लिए दवा भी नहीं देता था।

एसएचओ अरविंद कुमार ने बताया कि मृतक गोरेलाल उर्फ ​​हल्ला मध्य प्रदेश के छतरपुर का रहने वाला है। वह गुरुग्राम में राजमिस्त्री का काम कर रहा था। घटना पिछले हफ्ते गुरुवार को हुई। राजेश अपने जीजा को सेक्टर-15 में एक निर्माणाधीन इमारत में ले गया। इसमें आरोपी का जीजा चौकीदार का काम करता था।

एसएचओ अरविंद कुमार ने बताया कि वे दोनों साथ में शराब पी रहे थे। जब गोरेलाल नशे में था, तो राजेश ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने गोरेलाल के शरीर पर तारपीन का तेल डाला और भागने से पहले उसे आग लगा दी। एसएचओ ने बताया कि गोरेलाल की जली हुई लाश 19 जुलाई की सुबह सेक्टर-15 में एक नवनिर्मित घर के भूतल पर गैलरी में मिला। पुलिस को संदेह है कि मृतक का साला, जिससे वह मिलने आया था, फरार है। सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी राजेश उससे पूछताछ की जा रही है। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *