भारत के मशहूर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत और राधिका की शादी के चर्चे पूरी दुनिया में रहे। सभी ने अपनी मर्जी के मुताबिक इस शादी के ऊपर बात की। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी इस शादी को लेकर खूब चर्चा हुई। इस शादी के बारे में फैले नेगेटिव माहौल को लेकर एक पाकिस्तानी कलाकार ने साथी पाकिस्तानियों को सलाह दी है। पाकिस्तानी कलाकार नौमन एजाज ने कहा कि लोगों को अंबानी की शादी की बुराई करना बंद कर देना चाहिए।
अपनी हाल ही में डाली एक इंस्टाग्राम पोस्ट में नौमान ने अंबानी की शादी का बचाव करते हुए कहा कि अंबानी अपने खुद के पैसे खर्च कर रहे हैं तो उन्हें इसका मजा लेने दें, जो भी लोग इस बात को लेकर अंबानी की बुराई कर रहे हैं उनके लिए मैं दुआ करूंगा कि वह शादी में इतना पैसा उड़ाने के लायक हो जाएं।एजाज ने अपनी एक हंसती हुई फोटो डालकर लिखा मुझे समझ नहीं आता कि अंबानी को नीचा दिखाने वाले आप हैं कौन….
अगर पसंद नहीं तो नजरअंदाज कर दें
एजाज ने आगे लिखा कि खुशी उनकी,पैसा उनका, मजा उनका… हम इतनी दूर बैठकर उनके पैसे और खुशी पर उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। आखिर हम इतना चिंता में क्यों है। अगर हम उन्हें पसंद नहीं करते हैं तो सीधी सी बात है उनकी तरफ ध्यान न दें, उन्हें नजरअंदाज करें न कि उनकी हर बात या काम को लेकर अपनी राय देते घूमें।
आपको बता दें कि नौमान का यह बयान पाकिस्तानी एक्टर अर्सलान नसीर के उस मजाक के बाद आया जिसमें उन्होंने कहा था कि इतने दिन तो लोगों के रिलेशन नहीं चलते जितने दिन इनके फंक्शन चल रहे हैं। अंबानी की शादी को लेकर दुनिया भर के लोगों ने अपने अपने तरीके से बातें रखीं। यह शादी करीब 6 महीने चली इसमें अलग- अलग जगहों पर फंक्शन हुए। दुनिया भर की मशहूर हस्तियां इस शादी में शामिल होने के लिए आई। एक अनुमान के मुताबिक करीब 6 हजार करोड़ का खर्चा हुआ है जो कि अंबानी की कुल संपत्ति का केवल 0.5 प्रतिशत है।