मुंबई के जुहू इलाके में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस में शिकायत की कि जब भी वो बाहर निकलती है तो कुछ लड़के कच्छे और बनियान में आकर उसके सामने दौड़ने लगते हैं और उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। महिला ने इसका वीडियो सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया। महिला का कहना था कि उसने निर्भया स्क्वायड से भी संपर्क किया लेकिन, कोई सहायता नहीं मिली। अब उसने मुंबई पुलिस से मदद मांगी है।
विया दोशी नाम की महिला ने अपनी आपबीती एक्स पर शेयर की है। उसने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक व्यक्ति जुहू के जानकी कुटीर इलाके में कच्छा और बनियान पहने फुटपाथ पर दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में महिला को दौड़ते हुए व्यक्ति को आवाज लगाते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, वीडियो में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि महिला का उत्पीड़न हो रहा है या नहीं। वीडियो में महिला को उस शख्स पर जोर-जोर से चिल्लाते हुए देखा जा सकता है।
महिला ने सोशल मीडिया पर बताया कि रोज-रोज के उत्पीड़न से परेशान होकर उसने इसके निराकार के लिए निर्भया स्क्वॉड से फ़ोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन, कोई जवाब नहीं मिला। फिर उसने एक्स पर मुंबई पुलिस से संपर्क किया। वीडियो शेयर किया और सहायता मांगी। महिला के मुताबिक, उसके साथ लगातार तीन दिन से ऐसी घटना हो रही है। रोज अलग-अलग व्यक्ति बनियान और कच्छे में उसके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। महिला का कहना था कि यह लगातार तीसरा दिन है जब मेरे साथ इसी स्थान पर ऐसी घटना हुई है।
महिला ने आगे कहा, “मैं आपसे(मुंबई पुलिस) इस क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाने का आग्रह करती हूं क्योंकि मैंने इस स्थान पर कई महिलाओं के साथ भी इस तरह के दुर्व्यवहार की घटनाएं देखी और सुनी हैं। मैंने निर्भया स्क्वॉड को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन मेरा कॉल रिसीव नहीं हुआ। कृपया मदद करें।” मुंबई पुलिस ने उनकी पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, “हमने आपको फॉलो किया है। कृपया अपना नंबर और एड्रेस हमें डीएम करें।”
विया दोशी ने इसके बाद मामले में खुद ही अपडेट दिया और बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। महिला का कहना था, “कल तत्काल कार्रवाई करने के लिए मुंबई पुलिस को धन्यवाद। मैं पुलिस की गश्ती टीम की सराहना करती हूं। आपने न केवल मेरी सुरक्षा बढ़ाई है, बल्कि सभी महिलाओं और बच्चों की भी सुरक्षा बढ़ाई है। फ़ोन करने और मुझे सुरक्षित महसूस कराने के लिए धन्यवाद। मुझे मुंबईकर होने पर गर्व है।”