देहरादून। नई टीम में उत्तराखंड को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।
तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में उनके साथ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को उत्तराखंड भाजपा के लिहाज से अहम नियुक्ति माना जा रहा है।
अनिल बलूनी बने भाजपा के मीडिया संयोजक
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे अनिल बलूनी को पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के मीडिया संगठन की कमान मिलने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के मीडिया प्रबंधन में उनकी भूमिका अहम होगी। मीडिया सह संयोजकों में मध्य प्रदेश के आशीष उषा अग्रवाल, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को जिम्मेदारी दी गई है।
महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया
भाजपा ने उत्तराखंड के महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया है। राष्ट्रीय संगठन के कामकाज में कार्यालय से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां उनके पास रहेंगी। वहीं आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दीपक म्हस्के को दी गई है, जबकि प्रीति गांधी और शिवानंद द्विवेदी सोशल मीडिया सह-संयोजक होंगे।