दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर रखने की मांग@डॉ. बबीता सहोत्रा

एक्सप्रेसवे का नाम बाबा साहब के नाम पर रखने की मांग तेज

देहरादून। नरेंद्र मोदी के देहरादून आगमन को लेकर जहां प्रदेश में उत्साह का माहौल है, वहीं इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण मांग भी सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता डॉ. बबीता सहोत्रा ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का नाम बाबा साहब के नाम पर रखने का आग्रह किया है।

सक्रिय कार्यकर्ता डॉ. बबीता सहोत्रा

डॉ. सहोत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड को अब तक कई महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। ऐसे में यदि इस ऐतिहासिक एक्सप्रेसवे का नाम बाबा साहब के नाम पर रखा जाता है, तो यह सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने लिखा कि बाबा साहब ने देश के वंचित, शोषित और दलित वर्ग को अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। ऐसे महान व्यक्तित्व के सम्मान में यदि एक्सप्रेसवे का नामकरण किया जाता है, तो यह न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय होगा।

डॉ. सहोत्रा ने यह भी कहा कि इस निर्णय से दलित समाज में सम्मान और आत्मगौरव की भावना और मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री इस मांग पर सकारात्मक विचार करेंगे और बाबा साहब की जयंती के पावन अवसर पर इस दिशा में घोषणा करेंगे।

प्रदेश में इस मांग को लेकर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। कई लोगों का मानना है कि इस प्रकार के नामकरण से नई पीढ़ी को महान व्यक्तित्वों के योगदान से परिचित होने का अवसर मिलता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *