65 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान पदों पर होगा चुनाव
उत्तराखंड हेड लाइंस
देहरादून। एकेश्वर के अंतर्गत 82 ग्राम पंचायतें हैं, जिसमें से 15 ग्राम प्रधान पदों पर एक ही प्रत्याशी होने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। जिससे अब 65 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान पदों पर चुनाव होगा। खंड विकास अधिकारी एनसी सुयाल ने बताया कि चार ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया। जबकि, 11 ग्राम सभाओं में ग्राम सभा की सहमति से ग्राम प्रधानों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। कहा कि क्षेत्र पंचायत के 23 सीटों पर चुनाव होगा।

नाम वापसी वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद तीन क्षेत्र पंचायत सदस्य व 17 ग्राम प्रधानों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। निर्विरोध निर्वाचन प्रत्याशियों को 14 जुलाई को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इधर, पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब चुनाव प्रचार का रंग भी जोर पकड़ने लगा है।
बीरॉखाल प्रखंड में 95 ग्राम पंचायतों में से 17 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध ग्राम प्रधान बनने तय हो गए हैं। ग्राम पंचायत बिरगण, जिवई, बापता, कनेरा, डुमलोट, बुड़ाकोट, डुमैला तल्ला, घोड़ियाना, लैंगल, कंडूली बड़ी, बड़ियाना व जाखणी से ग्राम प्रधान पद के लिए एक-एक नामांकन दाखिल होने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। दरिया वैजरी, सिसई, टगड़ीगाड व कड़ी भरपूर छोटा में आपत्ति दर्ज होने के बाद दूसरे प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कर दिया गया। यहां भी एक एक प्रत्याशी होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन तय है। बुंगधार सीट से एक प्रत्याशी ने नाम वापस लिया, जिसके बाद यहां भी निर्विरोध निर्वाचन तय है। अब विकासखंड में 78 सीटों पर 195 उम्मीदवार मैदान में हैं।