देहरादून।केदारनाथ सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल की जीत के साथ ही धामी सरकार की नई उम्मीदों का कमल भी खिल गया। यह उपचुनाव भाजपा प्रत्याशी आशा ने 5623 मतों से जीत लिया। उन्हें कुल 23 हजार 130 मत मिले। दूसरे स्थान पर कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत ने 18 हजार 31 मत साहिल किए। वहीं, तीसरे स्थान निर्दलीय प्रत्याशी त्रिभुवन चौहान ने 9303 वोट झटके। आशा नौटियाल इस क्षेत्र से तीसरी बार जनता का प्रतिनिधित्व करेंगी। केदारनाथ सीट पर मिली जीत पर मुख्य्मंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार को प्रणाम किया। साथ ही इसे जनता की जीत बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी उपचुनाव के परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया दी।


भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल पूरे 13 राउंड में से 12 में बढ़त बनाए रहीं। अधिकतर राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी त्रिभुवन चौहान एक राउंड में पहले, जबकि एक राउंड में दूसरे स्थान पर भी रहे। खैर, आशा नौटियाल की इस जीत ने साबित कर दिया कि जो किला बीते कुछ दिनों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केदारनाथ क्षेत्र में तैयार किया गया, उसे भेदने में सभी दल और प्रत्याशी पूरी तरह असफल रहे।