मुख्यमंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया

देशभक्ति का जज्बा संजोए अमर उजाला मां तुझे प्रणाम तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुबह नौ बजे परेड ग्राउंड से यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।

देशभक्ति का जज्बा संजोए अमर उजाला मां तुझे प्रणाम तिरंगा यात्रा मंगलवार को निकाली गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुबह नौ बजे परेड ग्राउंड से यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। भारत माता के प्रतीक स्वरूप को मुख्यमंत्री तिरंगा सौंपेंगे, जो राजभवन पहुंचकर महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह को सौंपा जाएगा।

तिरंगा यात्रा में आईटीबीपी बैंड भारत मां को समर्पित संगीत की प्रस्तुति देगा। इसके साथ आजादी के नायकों की वेशभूषा में सजे बच्चे तिरंगा यात्रा की अगुवाई करते दिखेंगे। परेड ग्राउंड में सुबह नौ बजे मुख्यमंत्री हवा में गुब्बारे छोड़ेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान होगा और फिर तिरंगा यात्रा राजभवन की ओर प्रस्थान करेगी। तिरंगा यात्रा में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्रों के साथ ही कैडेट्स एवं सामाजिक संगठनों के लोग वाहनों के काफिले शामिल होंगे। यात्रा परेड ग्राउंड से शुरू होकर राजपुर रोड, दिलाराम चौक, हाथीबड़कला होते हुए राजभवन के पास पहुंचकर समाप्त होगी। यहां महामहिम राज्यपाल को झंडा सौंपा जाएगा।

विभिन्न संगठनों की ओर से तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने के लिए कई इंतजाम किए गए। यात्रा में महिला बाइकर्स के साथ ही बाइक, जीप, बुलेट, कार और बसों का काफिला होगा। यात्रा में पैरालंपिक एसोसिएशन भी हिस्सा लेगी। विभिन्न क्लब, खेल संगठन, सामाजिक संगठन भी भागीदारी निभा रहे हैं। संगठन के लोगों ने आजादी के जश्न को सौहार्द और शानदार तरीके से मनाने की अपील की है। तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए पुलिस और सीपीयू ने भी सुरक्षित संचालन का प्लान तैयार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *