मनोनीत पार्षद बनने पर क्षेत्र में खुशी
उत्तराखंड हेड लाइंस
देहरादून। नगर निगम में जगदीश सेमवाल को मनोनीत पार्षद बनाए जाने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके मनोनयन की खबर मिलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने बधाई देकर प्रसन्नता जताई। सेमवाल लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनके अनुभव और सक्रियता का लाभ अब नगर निगम के कामकाज में भी मिलेगा। मनोनीत पार्षद के रूप में वह क्षेत्र की समस्याओं को निगम के समक्ष प्रमुखता से उठाने के साथ उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करेंगे। सेमवाल ने मनोनयन के लिए आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।